कानपुर, जनवरी 30 -- कानपुर। किदवई नगर में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे महिला के मायके वालों ने घर में दाई से प्रसव कराने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित परिजन को शांत कराया। बारादेवी नटवनटोला निवासी सूरजपाल की शादी चार साल पूर्व घाटमपुर के रायपुर में रहने वाली सीमा से हुई थी। उनका दो साल का एक बेटा है। सीमा की बड़ी बहन माया ने आरोप लगाया कि बहन के ससुरालीजन घर पर ही दाई से प्रसव करवा रहे थे। इस कारण बहन की हालत बिगड़ गई। तब बहन के ससुरालीजन उसे हैलट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर मायके वालों ने ससुरालीजन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार से शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ...