गुमला, दिसम्बर 28 -- कामडारा। कामडारा पुलिस ने रविवार को पोकला बाजार टांड़ के पास एक खेत में 53 वर्षीय अब्राहम तोपनो का शव बरामद किया। मृतक कुरमूल गांव निवासी था और अकेले रहता था। उसके परिवार के लोग फिलहाल टाटा में रहते हैं।अब्राहम तोपनो अक्सर शराब के नशे में रहते थे। जानकारी के अनुसार नशे की हालत में खेत में गिरने और रातभर खुले आसमान के नीचे रहने के कारण ठंड लगने से उसकी मौत हो गई। रविवार को शौच के लिए खेत की ओर गए ग्रामीणों ने सुबह शव देखा और तुरंत कामडारा पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को जानकारी दी। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेजा गया है । पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...