कानपुर, जनवरी 8 -- कानपुर/उन्नाव, संवाददाता। गदनखेड़ा के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइकसवार कल्याणपुर निवासी कारोबारी की मौत हो गई। कल्याणपुर निवासी 47 वर्षीय बृजेश गुप्त पुत्र स्व. शिवराम का मूलगंज में फुटवियर का थोक शोरूम है। बुधवार को वह बाइक से उधारी वसूलने के लिए उन्नाव गए थे। देर रात बाइक से लौटते समय गदनखेड़ा के पास तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे छोटे भाई रवि गुप्त ने बताया कि माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। भाई बृजेश फुटवियर की सप्लाई उन्नाव भी करते थे। उसकी उधारी वसूलने के लिए गए थे। परिवार में पत्नी वर्षा, दो बच्चे प्रवीण व अखिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...