हल्द्वानी, दिसम्बर 14 -- लालकुआं, संवाददाता हल्दूचौड़ गन्ना सेंटर से ओवरलोड गन्ना लेकर किच्छा जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार सुबह लालकुआं-काशीपुर फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रक से हुई हल्की टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली फ्लाईओवर के डिवाइडर पर चढ़कर लटक गई। गनीमत रही कि ट्रॉली नीचे नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 9:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली अवंतिका कुंज देवी मंदिर के सामने स्थित फ्लाईओवर पर चढ़ रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक के हल्के झटके से ट्रैक्टर असंतुलित हो गया। ट्रॉली डिवाइडर पर चढ़ गई और नीचे की ओर लटक गई। घटना के चलते फ्लाईओवर पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात को वन-वे कर नियंत्रित किया...