औरंगाबाद, जनवरी 10 -- गोह थाना क्षेत्र के अकौना गांव में चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी मुकेश कुमार घर में ताला बंद कर सपरिवार गुरुग्राम गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर को निशाना बनाया। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने घर का ताला टूटा देखा और इसकी सूचना तुरंत गृहस्वामी को दी। सूचना मिलते ही गोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा मिला। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि लिखित आवेदन मिलने के बाद ही चोरी गए सामान और राशि का स्पष्ट आकलन हो सकेगा। गृहस्वामी की ओर से प्रारंभिक रूप से करीब 50 हजार रुपये की चोरी की जानकारी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...