भरतपुर , जनवरी 23 -- राजस्थान में भरतपुर के खेड़ली मोड थाना क्षेत्र में एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है जहां 85 वर्षीया वृद्धा से उसके ही घर में घुसकर अज्ञात युवक ने दुष्कर्म किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को दर्ज कराए गए मामले के अनुसार गुरुवार दोपहर सिर पर हेलमेट लगाए एक अंजान युवक ने गांव में बुजुर्ग महिला के घर का पता पूछा और उसके घर पहुंचकर मामी के संबोधन से आवाज लगाकर घर का दरवाजा खुलवाया।

पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग महिला ने जब उसे पहचानने से इन्कार कर दिया तो आरोपी ने बलपूर्वक घर मे प्रवेश करके उससे दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय बुजुर्ग पति घर के दुसरे हिस्से में सोया हुआ था जबकि उसका बेटा मजदूरी करने और बेटे की बहू जंगल में लकड़ियां लेने गई थी। पुलिस ने पीड़िता के बेटे की रिपोर्ट पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश के लिए पुलिस दलों का गठन किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित