जगदलपुर, अक्टूबर 07 -- विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व का 75 दिन तक चलने वाला महापर्व मंगलवार को माता मावली की भव्य विदाई के साथ संपन्न हो गया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में दंतेश्वरी मंदिर से मावली माता की डोली को गाजे-बाजे के साथ जिया डेरा तक ले जाया गया।

इस अवसर पर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे और बस्तर दशहरा समिति के उपाध्यक्ष बलराम मांझी सहित कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दर राज पी, कलेक्टर हरिस एस और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा मौजूद रहे।

बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव ने परंपरा के अनुसार माई जी की आरती की और डोली को अपने कंधे पर उठाकर जिया डेरा के लिए रवाना किया। पुलिस जवानों ने हर्ष फायर कर सलामी दी।

यह विदाई समारोह 600 वर्ष से अधिक पुरानी बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन था। पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोगों ने पूरे मार्ग में फूलों की वर्षा कर और जयकारे लगाकर माता मावली को भावभीनी विदाई दी।

जिया डेरा से माता मावली की डोली एवं छत्र को एक सुसज्जित वाहन से दंतेवाड़ा के लिए रवाना किया गया। इस विदाई के साथ ही श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से इस उत्सव की शुरुआत की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित