हरिद्वार, जनवरी 25 -- उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत हरिद्वार पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतवाली रूड़की पुलिस ने 7.32 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रूड़की की टीम ने बूचड़ी फाटक, रूड़की के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7.32 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशु निवासी कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रूड़की में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि देवभूमि में अवैध नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित