चंडीगढ़/पंचकूला , मार्च 24 -- हरियाणा के सरकारी विभागों में सामने आए करीब 590 करोड़ रुपए के घोटाले में अब तीसरे बैंक का नाम भी जुड़ गया है। पहले चंडीगढ़-मोहाली के दो बैंक जांच के घेरे में थे वहीं अब कोटक महिंद्रा बैंक में भी करीब 145 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। यह मामला पिछले छह दिनों से चल रहा था, लेकिन अधिकारियों द्वारा इसे दबाए रखा गया।

जानकारी के अनुसार, पंचकूला नगर निगम ने सेक्टर-11 स्थित कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में खाता खुलवाया था, जिसमें निगम की 16 फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) रखी गई थीं। ये एफडी पहले एसबीआई से ट्रांसफर करवाई गई थीं। जांच के दौरान सामने आया कि इनमें से 5 एफडी का बैंक रिकॉर्ड ही मौजूद नहीं है, जिससे हड़कंप मच गया।

निगम अधिकारियों ने तुरंत बैंक और हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद बैंक ने भी पंचकूला डीसीपी को शिकायत सौंपी, जिसकी जांच इकोनॉमिक ऑफेंस विंग को दी गई है।

जब निगम ने मैच्योरिटी पर एफडी राशि वापस मांगी, तो बैंक ने जवाब दिया कि संबंधित नंबरों पर कोई एफडी दर्ज ही नहीं है। इसके बाद निगम ने जांच टीम गठित कर दस्तावेजों की पड़ताल की और रिपोर्ट सरकार व बैंक को भेजी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित