नयी दिल्ली , मार्च 09 -- राष्ट्रीय चैंपियन तिलोत्तमा सेन ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रहे नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स (ग्रुप ए) में 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस के फाइनल में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। उन्होंने इससे पहले जनवरी में हुए नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स टी1 और टी2 के फाइनल भी जीते थे और अब टी3 का फाइनल भी अपने नाम कर लिया। पुरुष वर्ग के फाइनल में किरण अंकुश जाधव ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि 10 मीटर एयर पिस्टल टी3 फाइनल में उदयवीर सिद्धू विजेता बने।
तिलोत्तमा प्रोन सीरीज के बाद चौथे स्थान पर थीं, लेकिन उन्होंने स्टैंडिंग सीरीज में शानदार वापसी करते हुए 357.0 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। निश्चल सिंह 356.6 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जो तिलोत्तमा से सिर्फ 0.4 अंक पीछे थीं। ओलंपियन अंजुम मुद्गिल ने 345.8 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। साक्षी सुनील पडेकऱ, मेहुली घोष, श्रियांका सदांगी, लज्जाकुमारी गोस्वामी और नुपुर कुमरावत अन्य फाइनलिस्ट रहीं।
पुरुषों के फाइनल में 10 मीटर एयर राइफल के राष्ट्रीय चैंपियन किरण अंकुश जाधव ने रोमांचक मुकाबले में शीर्ष स्थान हासिल किया। नेवी के इस शूटर ने 353.6 का स्कोर बनाया और नीरज कुमार (353.3) को महज 0.3 अंक से पीछे छोड़ दिया। गोल्डी गुर्जर 342.4 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। निशान बुधा (329.6), अखिल श्योरण (321.7), सिद्धार्थ गौर (311.0), अर्जुन बाबूता (297.5) और सूर्य प्रताप सिंह (296.4) शीर्ष आठ में शामिल रहे।
10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में उदयवीर ने शुरुआत से ही शानदार निरंतरता बनाए रखी और 243.2 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। केदारलिंग उचगांवें, जिन्होंने क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया था, 242.6 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि 50 मीटर पिस्टल के विश्व चैंपियन रविंदर सिंह 221.9 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
इससे पहले महिलाओं के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस क्वालिफिकेशन में अंजुम मुद्गिल ने 588 के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। उनके बाद निश्चल और मेहुली ने 587-587 का स्कोर किया। लज्जाकुमारी (586), तिलोत्तमा (585), नुपुर (584), श्रियांका (584) और साक्षी (584) शीर्ष आठ में शामिल रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित