, Feb. 22 -- गडग, 22 फरवरी (वार्त) कर्नाटक में लोकायुक्त पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक को कथित रूप से 5 लाख रुपये नकद लेते हुए पकड़े जाने के आरोप में हिरासत में लिया है।
भाजपा विधायक चंद्रू लमानी को शनिवार देर रात कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिया। यह कार्रवाई गडग स्थित श्री बालाजी अस्पताल में की गई।
लोकायुक्त पुलिस की टीम, जिसका नेतृत्व धारवाड़ इकाई के अधिकारी सिद्धलिंगप्पा कर रहे थे, ने कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक प्रथम श्रेणी के ठेकेदार के संबंध में मिली विशेष सूचना के आधार पर छापा मारा।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह नकद लेनदेन लंबित लोक निर्माण कार्यों से जुड़े सौदों के सिलसिले में हो रहा था, हालांकि अधिकारियों ने अभी तक अनुबंध संबंधी विवरण की औपचारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार, छापे के दौरान विधायक अस्पताल परिसर में अपने दो निजी सहायकों और एक निजी सचिव के साथ मौजूद थे। कथित लेनदेन का पता चलते ही अधिकारियों ने परिसर को घेर लिया और दस्तावेजों तथा डिजिटल रिकॉर्ड की तलाशी ली। विधायक से कई घंटों तक पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें आधी रात के आसपास हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि लमानी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा और बुनियादी ढांचे से जुड़े व्यावसायिक हितों से भी जुड़े हैं। छापेमारी के तुरंत बाद अस्पताल परिसर को सुरक्षित कर दिया गया और एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित