बारां , फरवरी 28 -- राजस्थान के बारां में जिला मुख्यालय पर शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में 466 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किये गये।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित जिला परिषद सभागार में किया गया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने 466 नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किये।

इनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 219, पंचायती राज विभाग के 52, पशुपालन विभाग के 90, राजस्व विभाग के 86, माध्यमिक शिक्षा विभाग के चार, संस्कृत शिक्षा विभाग के आठ, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के दो, जल संसाधन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्थानीय स्वशासन, खान एवं भूविज्ञान विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के एक-एक अभ्यर्थी शामिल हैं।

इस अवसर पर उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल, जिला परिषद सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) संजीव सक्सेना, जिला रोजगार अधिकारी राकेश वर्मा, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य सी पी मीणा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नव चयनित कार्मिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित