हैदराबाद , दिसंबर 04 -- हैदराबाद की महापौर गडवाल विजयलक्ष्मी और उप-महापौर मोथे श्रीलता शोभन रेड्डी ने गुरुवार को ग्रेटर हैदराबाद में 20 नगर पालिकाओं और सात नगर निगमों को मिलाने के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया। अब हैदराबाद आधिकारिक तौर पर भारत का सबसे बड़ा महानगर बन गया है।
राज्य सरकार के इस कदम से ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) का अधिकार क्षेत्र 650 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर लगभग 2,000 वर्ग किलोमीटर हो गया है।
सुश्री विजयलक्ष्मी ने जीएचएमसी कार्यालय में सौंदर्यीकरण के काम के उद्घाटन के मौके पर कहा कि इस विलय से बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी आती है। उन्होंने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के विज़न के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से नये जुड़े इलाकों में संतुलित विकास होगा और नागरिक सेवाएं बेहतर उपलब्ध होंगी।
इससे पूर्व सुश्री विजयलक्ष्मी और सुश्री रेड्डी ने जीएचएमसी परिसर में महात्मा गांधी और डॉ. बी. आर. अंबेडकर की प्रतिमाओं का अनावरण किया। उन्होंने नये फव्वारे और सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया। इस मौके पर जीएचएमसी आयुक्त आर. वी. कर्णन और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित