कानपुर , फरवरी 21 -- कानपुर में एतिहासिक और पाैराणिक नगरी बिठूर में 26 से 28 फरवरी तक नानाराव पार्क में तीन दिवसीय बिठूर महोत्सव का आयोजन किया जायेगा।
आयोजन का संचालन गठित बिठूर महोत्सव समिति द्वारा किया जा रहा है और जिला प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
इस सिलसिले में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने बताया कि इस बार महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नवाचार और विकास को भी प्रमुखता दी गई है। रक्षा क्षेत्र में देश के सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्मित उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आईआईटी कानपुर द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित परियोजनाओं की एआई प्रदर्शनी विशेष आकर्षण रहेगी। साथ ही फ्लावर शो, कानपुर के प्रसिद्ध व्यंजनों की प्रदर्शनी, एक जनपद एक उत्पाद स्टॉल और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
उन्होने बताया कि मंचीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में यूफोरिया बैंड की प्रस्तुति और बॉलीवुड संगीत संध्या मुख्य आकर्षण होंगे। रामकला केंद्र द्वारा कर्ण आधारित नाट्य मंचन, कथक नृत्य प्रस्तुति, कवि सम्मेलन तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने के लिए कठपुतली नृत्य, कच्चीघोड़ी, शहनाई वादन और रावनहाथा की प्रस्तुति भी होगी।
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न उप समितियों का गठन किया गया है। कलाकारों के आवास, सुरक्षा, यातायात, विद्युत, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने सभी तैयारियों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। तीन दिवसीय यह महोत्सव बिठूर की ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक दृष्टि के साथ प्रस्तुत करने का मंच बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित