कोण्डागांव , फरवरी 13 -- छत्तीसगढ़ में कोण्डागांव जिले के अनंतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ 25 वर्षों तक कथित रूप से दैहिक शोषण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
शादी का झांसा देकर लगातार तीन दशक से जारी इस शोषण के खिलाफ पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 12 फरवरी को अनंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वर्ष 2002 से आरोपी कमलेश सिंग के संपर्क में थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर मई 2002 से दिसंबर 2025 तक लगातार उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार यह सिलसिला पूरे 25 वर्षों तक चला, जिसके दौरान आरोपी ने उसे कभी शादी के बंधन में नहीं बांधा, बल्कि उसके शरीर का शोषण करता रहा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसका गर्भपात करा दिया। हाल ही में नौ फरवरी की रात को आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट भी की, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस के समक्ष मामला लाने का फैसला किया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना अनंतपुर में मामला दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी गोपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 13 फरवरी को आरोपी को उसके घर मालगांव बुडरापारा स्थित निवास पर दबिश देकर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी क्षत्रिय जाति का बताया जाता है और मूल रूप से थाना क्षेत्र के मालगांव का रहने वाला है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय कोण्डागांव में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित