पटना, मार्च 11 -- बिहार में प्रशासनिक ढ़ांचे को और मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से भवन निर्माण विभाग की ओर से राज्य के 240 प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं 59 प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं आवासीय परिसर भवनों का निर्माण किया जा रहा है।
विभाग के द्वारा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण समयबद्धता के साथ उच्च गुणवत्तापूर्ण सामग्रियों से किया जा रहा है।
विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि नए प्रखंड भवनों का निर्माण तीव्र गति से जारी है और वर्ष 2026 के अंत तक भवनों का निर्माण पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने कहा कि भवनों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए अभियंताओं, संवेदकों और उनके साइट इंजीनियर्स को अधिवेशन भवन में 10 एवं 11 जनवरी को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। नए कार्यालय भवन प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों,कर्मचारियों एवं आम लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगे।
श्री रवि ने बताया कि भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व में भी राज्य के 65 प्रखंडों में प्रखंड कार्यालय-सह-आवासीय भवन, निरीक्षण कमरा एवं परिसर विकास का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। प्रखण्ड कार्यालय भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 23384 वर्ग फीट है। यह दो मंजिला भवन है। साथ ही, राज्य के 98 प्रखण्डों में प्रखंड सूचना प्रावैधिकी केन्द्र का निर्माण पूर्ण किया गया है। यह एक तीन मंजिला भवन है, जिसका निर्मित क्षेत्रफल 25523 वर्ग फीट है। इसमें भूतल पर पदाधिकारियों का कार्यालय प्रकोष्ठ तथा कैंटीन, प्रथम तल पर पदाधिकारी प्रकोष्ठ एवं बैंक के लिए स्थान, द्वितीय तल पर मीटिंग हॉल का निर्माण किया गया है।
सचिव ने बताया कि नए प्रखंड- सह-अंचल कार्यालय एवं आवासीय परिसर के निर्माण में प्रति प्रखंड 30 करोड़ 74 लाख 17 हजार रुपये और पुराने भवन की जगह नए प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन के निर्माण के लिए प्रति प्रखंड 16 करोड़ 62 लाख 10 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिये साप्ताहिक स्थल निरीक्षण किया जा रहा है और विशेष जांच अभियान भी चलाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी पाएं जाने पर संबंधित अभियंताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
श्री रवि ने बताया कि अभियंताओं द्वारा पीआईएमएस पोर्टल पर डाले गए डेटा की उच्च स्तर पर निगरानी की जा रही है।प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के प्रशासनिक भवन (जी प्लस 2) में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी सहित प्रखंड स्तरीय अन्य पदाधिकारियों के कार्यालय, आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, आरटीपीएस काउंटर, कैंटीन और रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि प्रखंड -सह -अंचल कार्यालय- सह- आवासीय परिसरों में प्रशासनिक भवन के साथ आवासीय सुविधाएं भी होंगी। प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के साथ कर्मचारियों के लिए भी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भवनों की छत पर सोलर पैनल लगाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित