पटना , फरवरी 09 -- बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर नियुक्ति के लिये अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 24 से 27 फरवरी के बीच आयोजित किये जायेंगे।

इसके लिये पात्र अभ्यर्थी 14 फरवरी से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश-पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।

आयोग के विशेष कार्य पदाधिकारी किरण कुमार ने इस संबंध में विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि चयन प्रक्रिया के तहत नौ फरवरी को पटना स्थित बिहार वेटनरी कॉलेज खेल मैदान में शारीरिक जांच परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में कुल 198 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें 127 पुरुष और 66 महिला अभ्यर्थी शामिल हुये, जबकि पांच पुरुष अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

शारीरिक जांच परीक्षा के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों के लिये चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों के लिये चार घंटे में 14 किलोमीटर पैदल चलने का मानक निर्धारित था। परीक्षा में सभी महिला अभ्यर्थी सफल रहीं, जबकि दो पुरुष अभ्यर्थी निर्धारित मानक पूरा नहीं कर सके।

इस प्रकार शारीरिक जांच परीक्षा और शारीरिक मापदंड जांच में कुल 191 अभ्यर्थी सफल घोषित किये गये हैं। इन सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। दस्तावेज सत्यापन में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिये आमंत्रित किया जायेगा।

आयोग ने बताया है कि साक्षात्कार के लिये चयनित अभ्यर्थियों की सूची संबंधित वेबसाइट पर प्रकाशित की जायेगी। सूची जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित