आगरा , फरवरी 20 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 2030 में छत्रपति शिवाजी महाराज की 400वीं जयंती आगरा किला में मनायी जायेगी और इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी आमंत्रित किया जायेगा।

श्री फडणवीस गुरुवार देर शाम आगरा शिवाजी जयंती में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उन्होने कहा " 2030 में शिवाजी महाराज का 400 वां जन्म जयंती आगरा किला में मनाया जाएगा और उस दिन प्रधानमंत्री मोदी भी आगरा किला में मौजूद रहेंगे। अगला लोकसभा चुनाव 2029 में है जिसमें भी भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी और श्री मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे जिसके बाद वह 2030 में आगरा किला शिवाजी जयंती में शामिल होने आयेंगे। जिस जगह पर शिवाजी महाराज को कैद किया गया था उस जगह पर स्मारक बनाया जाएगा। स्मारक को लेकर पहले ही महाराष्ट्र सरकार ऐलान कर चुकी है।"आगरा किला के अंदर शिवाजी महाराज की 396 वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सीआर पाटील, राजस्थान राज्यपाल हरि भाऊ कृष्णराव बगाड़े, महाराष्ट्र सरकार के संस्कृति मंत्री भी शामिल हुए। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय भी पहुंचे थे।

किला के अंदर जहांगीर महल के परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा शिवाजी महाराज के जीवन पर एक नाटक भी किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया कि उन्होंने उस जगह को अधिग्रहण करने का फैसला लिया है। उम्मीद है जब अगले साल यहां शिवाजी जयंती मना रहे होंगे। तब उत्तर प्रदेश सरकार और महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर स्मारक भी बनाने की तैयारी भी कर रहे होंगे।

श्री फडणवीस ने कहा कि सीबीएसई की किताबों में पहले 17 मुगल साम्राज्य के पढ़ाए जाते थे लेकिन अब 20 पन्ने शिवाजी के हिंदवी साम्राज्य के पढ़ाए जाते हैं। अब किताबों में मुगल इतिहास नहीं पढ़ाया जाएगा। अब मराठों और छत्रपति शिवाजी महाराज का इतिहास पढ़ाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित