कानपुर , अप्रैल 1 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की विजय के लिए बूथ स्तर पर "अभेद्य व्यूह रचना" तैयार करें, जिसे विपक्ष भेद न सके। बुधवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं मंडल प्रशिक्षण वर्ग प्रमुखों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि हर कार्यकर्ता को उसकी योग्यता और क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी दी जाए।

उन्होंने "पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी" की नीति पर बल देते हुए कहा कि विपक्ष के हर भ्रम और षड्यंत्र को विफल कर भाजपा 2027 में अभूतपूर्व विजय हासिल करेगी। 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि वैचारिक साधना है। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडल स्तर के प्रशिक्षण वर्गों में सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का रात्रि प्रवास सुनिश्चित किया जाए, जिससे कार्यकर्ताओं का वैचारिक सशक्तिकरण हो सके।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि आगामी छह अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस प्रत्येक बूथ पर उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू ने किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, देवेश कोरी, कमलावती सिंह, अनिल यादव, रीता शास्त्री, पवन प्रताप सिंह, सुनील तिवारी, हर्ष द्विवेदी, अनूप अवस्थी सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, प्रभारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित