कौशांबी , फरवरी 2 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन सिराथू विधानसभा क्षेत्र स्थित आरपी डिग्री कॉलेज, दारानगर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और आम लोगों को राहत पहुंचाने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी के प्राण होते हैं और उनके दम पर बूथ, विधानसभा और लोकसभा के चुनाव जीते जाते हैं तथा सरकार बनती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कौशांबी की तीनों सीटों पर जीत दर्ज कराकर कमल खिलाने का लक्ष्य तय किया जाए।
उन्होंने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि कौशांबी लोकसभा सीट पर भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। इस बात को ध्यान में रखते हुए आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत कर रणनीति के साथ कार्य करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित