जमुई , फरवरी 11 -- बिहार के जमुई जिले में बुधवार से फाइलेरिया उन्मूलन महाअभियान की शुरुआत कर दी गई।

वर्ष 2027 तक भारत को फाइलेरिया मुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य के तहत जिले में मेगा कैंप अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 1050 आंगनबाड़ी केंद्रों पर दवा खिलाने की व्यवस्था की गई है। दवा वितरण का कार्य आशा दीदियों द्वारा किया जा रहा है, जबकि लाभार्थियों को जागरूक और प्रेरित करने का जिम्मा विकास मित्र और जीविका दीदियों को सौंपा गया है।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने आज बताया कि बिहार सरकार ने एक करोड़ से अधिक लाभार्थियों को फाइलेरिया की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 11 फरवरी से 27 फरवरी तक जिले भर में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के आह्वान पर इस कार्यक्रम को गंभीरता से लागू किया जा रहा है और मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई थी।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं प्रखंड प्रशासन द्वारा विस्तृत योजना बनाई गई है और विधिवत जिला आदेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा कर जमुई जिला फाइलेरिया मुक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित