बीजिंग , फरवरी 22 -- चीन में इस वर्ष 40 दिनों तक चलने वाले 'वसंत महोत्सव' यात्रा में अब तक 25.8 करोड़ यात्रियों ने रेल से यात्रा की है।
राष्ट्रीय रेलवे ऑपरेटर ने रविवार को बताया कि यात्रा की यह अवधि अपना आधा पड़ाव पार कर चुकी है।
चाइना स्टेट रेलवे ग्रुप कंपनी लिमिटेड के अनुसार, 2026 के वसंत महोत्सव यात्रा सीजन के 20वें दिन यानी 21 फरवरी को करीब एक करोड़ 72 लाख यात्रियों ने सफर किया। ऑपरेटर को उम्मीद है कि रविवार को भी यात्रियों की संख्या बहुत ज्यादा बनी रहेगी। अनुमान है कि रविवार को यात्रा करने वाले लोगों की संख्या करीब 1 करोड़ 80 लाख के आसपास रहेगी।
बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कुल 2,203 अतिरिक्त यात्री ट्रेनें चलाने का कार्यक्रम तय है।
रेलवे अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों पर परिवहन क्षमता बढ़ा दी है और स्टेशनों और ट्रेनों के भीतर सेवाओं में सुधार किया है। इसके अलावा यात्रा का अनुभव बेहतर बनाने के लिए और भी कई कदम उठाये गये हैं।
वसंत महोत्सव को चीनी नव वर्ष के रूप में भी जाना जाता है। इसे इस साल 17 फरवरी को मनाया गया था। यात्रियों की संख्या में आये इस उछाल को 'चुनयुन' भी कहा जाता है। इसे अक्सर दुनिया के सबसे बड़े वार्षिक मानव प्रवास के रूप में वर्णित किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित