रांची , फरवरी 06 -- झारखंड सरकार ने वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय और राहत दिलाने की दिशा में अहम कदम उठाया है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से बोकारो जिले में चिह्नित दंगा पीड़ितों के लिए कुल 14 लाख 62 हजार रुपये की मुआवजा राशि आवंटित की गई है।

विभाग द्वारा इस राशि के आवंटन को 29 जनवरी 2026 को औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। लंबे समय से मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे पीड़ित परिवारों को अब इस निर्णय से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का यह कदम दंगा पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता और न्याय सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस संबंध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव ने बोकारो के उपायुक्त (डीसी) को पत्र लिखकर आवंटित राशि की जानकारी दी है। साथ ही मुआवजा राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से वितरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश भी दिए गए हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुआवजे का भुगतान केवल उन्हीं दंगा पीड़ितों या उनके परिजनों को किया जाएगा, जिनका नाम सरकारी रूप से मान्य सूची में दर्ज है। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सहायता सही लाभार्थियों तक ही पहुंचे और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित