चंडीगढ़ , अप्रैल 26 -- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा है कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की स्मृति में अंबाला छावनी में निर्मित भव्य शहीद स्मारक का उद्घाटन जल्द होने की उम्मीद है।
उन्होंने आशा जताई कि इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।
अंबाला छावनी में करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह स्मारक 1857 की क्रांति का जीवंत चित्रण करेगा। इसमें 10 मई 1857 से शुरू हुए संग्राम से जुड़े प्रमुख घटनाक्रमों और देशभर में लड़ी गई लड़ाइयों को दर्शाया गया है। स्मारक में रानी लक्ष्मीबाई और तात्या टोपे जैसे महान योद्धाओं के योगदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कई वीरों को इतिहास में पर्याप्त पहचान नहीं मिल सकी, इसलिए स्मारक में विशेष ''श्रद्धांजलि स्थल'' बनाया गया है, जहां लोग अनसुने शहीदों को नमन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के ''मन की बात'' कार्यक्रम में भी 1857 के संग्राम का उल्लेख किया गया, जिससे इस ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।
श्री अनिल विज ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देशवासियों को प्रेरित करते हैं और विभिन्न विषयों पर जागरूकता बढ़ाते हैं। इस बार कार्यक्रम में ऊर्जा क्षेत्र, बांस उद्योग और युवाओं की उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने जनता से अपील की कि वे ''मन की बात'' कार्यक्रम को नियमित रूप से सुनें और इससे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित