पटना , दिसंबर 05 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि सहरसा जिलान्तर्गत सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल में 17.29 करोड़ की लागत से उप कारा का निर्माण होगा।

श्री चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि नये उप कारा (सब-जेल) भवन के निर्माण के लिए 25 एकड़ भूमि अधिग्रहण की स्वीकृति प्रदान की गयी है, जिसके लिये 17 करोड़ 29 लाख 795 रूपये मुआवजा राशि निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में कारा प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस परियोजना के लिए 30 करोड़ रुपये का बजट उपबंध उपलब्ध है, जिससे इस परियोजना पर व्यय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान की पूरी जिम्मेदारी समाहर्त्ता सहरसा को सौंपी गई है और राशि की निकासी एवं व्यय वित्त विभाग द्वारा जारी नियमों और परिपत्रों के अनुसार की जाएगी।

श्री चौधरी ने कहा यह उपकारा निर्माण परियोजना सहरसा जिले में कारा प्रशासन की कार्यक्षमता को बढ़ाएगी और सुरक्षा संरचना को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ आगे बढ़ाएगी, जिससे न केवल अधिग्रहण प्रक्रिया सही ढंग से पूरी हो, बल्कि यह परियोजना क्षेत्रीय प्रशासनिक सुधार और विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित