फिरोजाबाद , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने नगर पंचायत एका के ग्राम मछिरयाई में 165 लाख रुपये की लागत से निर्मित 500 गौवंश क्षमता वाली कान्हा गौशाला का लोकार्पण किया।

उन्होंने इसे निराश्रित पशुओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। इस दौरान प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत टूंडला के राजकीय हाईस्कूल नियामतपुर तथा नगला सिरसागंज के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 47.46-47.46 लाख रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपर्पज हॉल का भी उद्घाटन किया गया।

श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तर प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के कारण निवेश और विकास को बढ़ावा मिला है। उन्होंने जनपद में विकसित हो रहे ग्लास म्यूजियम, रपड़ी पर्यटन स्थल तथा बाबा नीम करौली व सामौर धाम जैसे स्थलों का उल्लेख करते हुए पर्यटन क्षेत्र में हो रहे कार्यों को रेखांकित किया। जिलाधिकारी ने भी विकास कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और आवास की चाबियां वितरित की गईं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, स्वयं सहायता समूह तथा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित