मोतिहारी , अप्रैल 08 -- शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक सभी सरकारी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में व्यापक निरीक्षण एवं अनुश्रवण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, वर्ग कक्ष, चाहरदीवारी, विद्युत व्यवस्था, पंखा-बल्ब, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, जिम, आईसीटी लैब एवं स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं की उपलब्धता की गहन जांच की जाएगी। इसके साथ ही पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मध्याह्न भोजन योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं, लाभुक आधारित योजनाओं का क्रियान्वयन तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा।
अभियान के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्यालयों को विभिन्न मदों में उपलब्ध कराई गई राशि के उपयोग एवं क्रय की गई सामग्रियों की गुणवत्ता की भी समीक्षा की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त निरीक्षी पदाधिकारी निर्धारित समयावधि में अपने-अपने आवंटित विद्यालयों का निरीक्षण कर प्रतिदिन निरीक्षण प्रतिवेदन जिलाधिकारी के कार्यालय की गोपनीय शाखा में जमा करेंगे।
गौरतलब है कि 06 अप्रैल 2026 से जिले के सभी विद्यालय प्रातःकालीन सत्र में सुबह 06:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। सभी पदाधिकारी अपने आवंटित विद्यालयों के निरीक्षण के साथ अन्य निरीक्षकों के कार्यों का भी अनुश्रवण करेंगे। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के सुधार के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जबकि गंभीर मामलों को जिला स्तर पर भेजा जाएगा।
इसी क्रम में आज जिलाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सदर प्रखंड स्थित गौरी शंकर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे पढ़ाई, विद्यालय की सुविधाओं और उनकी आकांक्षाओं को लेकर संवाद किया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आशीष कुमार एवं सहायक समाहर्ता प्रिया रानी भी उपस्थित थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित