गुवाहाटी , अप्रैल 08 -- गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच मैच से पहले क्रिकेट गलियारों में यही चर्चा थी कि जब वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे, तब क्या होगा? क्या सूर्यवंशी, बुमराह को भी उसी तरह से खेल पाएंगे, जैसा वह अन्य गेंदबाज़ों को खेलते हैं या बुमराह के कौशल के आगे उन्हें अपना खेल बदलना होगा?लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। दूसरे ओवर में बुमराह जब नई गेंद के साथ सूर्यवंशी के सामने पहली बार आए, तो सूर्यवंशी ने उनका स्वागत लॉन्ग ऑन पर छक्के से किया। चौथी गेंद को जब बुमराह ने शॉर्ट किया तो सूर्यवंशी ने बैकफ़ुट पर जाते हुए उसे पुल कर दिया। इसके बाद अगले ओवर में सूर्यवंशी ने ट्रेंट बोल्ट पर भी एक छक्का जड़ा।
और जब शार्दुल ठाकुर, अगला ओवर लेकर आए तो सूर्यवंशी ने उन पर दो छक्के और एक चौका जड़कर 17 रन बंटोरे। हालांकि ठाकुर ने उसी ओवर की अंतिम गेंद पर डीप एक्स्ट्रा कवर पर कैच कराकर सूर्यवंशी की 14 गेंदों की 39 रनों की पारी का अंत कर दिया, जिसमें एक चौके और पांच गगनचुंबी छक्के शामिल थे। दर्शक, कॉमेंटेटर और क्रिकेट विशेषज्ञ, सब सूर्यवंशी और बुमराह की टक्कर देखना चाहते थे और अंत में पहली बाज़ी में सूर्यवंशी को ही जीत मिली।
मैच के बाद एमआई के कप्तान हार्दिक पंड्या, सूर्यवंशी के मुरीद होते हुए दिखे। उन्होंने प्रजेंटेशन समारोह के दौरान कहा, "16 या 17 (वास्तव में 15) साल के लड़के को इस तरह खेलते देखना काफ़ी दिलचस्प है। जिस तरह से वह बल्लेबाज़ी करते हैं और जिस तरह की निडरता उनके खेल में है, वह कमाल है। मैं उनको भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"वहीं आरआर के कप्तान रियान पराग ने कहा, "वैभव (सूर्यवंशी) कमाल का खिलाड़ी है। यह सिर्फ़ एकतरफ़ा शॉट्स मारने वाली बल्लेबाज़ी नहीं है। जायसवाल पिछले तीन चार साल से लगातार ऐसा कर रहे हैं। उनकी स्किल और मैच्योरिटी उन्हें बाक़ी सब से अलग बनाती है। मेरे हिसाब से उनकी यह जोड़ी नंबर एक टी20 जोड़ी है और दोनों के साथ उनकी उम्र भी है।"सूर्यवंशी के साथ-साथ यशस्वी जायसवाल ने भी इस मैच में 32 गेंदों में 10 चौकों और चार छक्कों के साथ 77 रन की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। उन्होंने, सूर्यवंशी के साथ पहले विकेट के लिए पहले पांच ओवरों में 80 रन जोड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित