पटना , दिसंबर 04 -- बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने प्रदेश के सभी कांग्रेस सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, विधान सभा चुनाव के प्रत्याशियों, प्रदेश मोर्चा संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ एवं कांग्रेसजनों से आह्वान किया है कि वे 14 दिसम्बर को नई दिल्ली में आयोजित "वोट चोर, गद्दी छोड़ महा रैली" में पूर्ण शक्ति के साथ शामिल हों।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने आज बयान जारी कर कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग की मिलीभगत से लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का लगातार प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं पर झूठे मुकदमे थोपे जा रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज़ को दबाया जा रहा है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 14 दिसम्बर को इस ऐतिहासिक रैली का आयोजन किया जा रहा है।
श्री राम ने कहा कि बिहार प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता लोकतंत्र की मजबूती के लिए इस रैली में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं तथा अन्य लोगों को भी इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 14 दिसम्बर को दिल्ली पहुँचकर इस रैली को सफल बनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित