बैतूल , फरवरी 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई-बिरुल रोड पर बुधवार को 11 केवी लाइन शिफ्टिंग के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद उसका शव करीब ढाई घंटे तक बिजली के खंभे पर लटका रहा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मंडला निवासी सुमारु कुलस्ते (30) वीटीएल कंपनी के ठेकेदार के माध्यम से लाइन बदलने का कार्य कर रहा था। ठेकेदार के साइड इंजीनियर लोकेश देशमुख के अनुसार कार्य शुरू करने से पहले बिजली सप्लाई बंद करवाई गई थी, लेकिन अचानक लाइन में करंट आने से मजदूर उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

सूचना मिलने पर मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खंभे से नीचे उतरवाया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी मजदूर डालचंद यादव सदमे में बेहोश हो गए, जिन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। बिजली विभाग और संबंधित ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद विद्युत कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित