देहरादून , नवंबर 08 -- उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर प्रदेश कांग्रेस ने 15 साल भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) बनाम 10 साल कांग्रेस थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई है।
शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी मुख्यालय परिसर में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उद्घाटन मौके पर श्री माहरा ने कहा कि अगर हम राज्य गठन की 25 वर्षों की यात्रा का अवलोकन करें तो इस प्रदर्शनी में 25 वर्षों के उतार चढ़ाव के सारे दृश्य सिलसिलेवार तौर पर नजर आएंगे।
राज्य गठन के समय भाजपा के अंतिम सरकार बनी और भाजपा की अंतिम सरकार ने अव्यवस्थाओं का अंबार खड़ा करने का काम किया,चाहे राज्य की स्थाई राजधानी का मुद्दा हो या फिर राज्य आंदोलनकारी के मसले हों, किसी पर भी भाजपा सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया, और इन सभी गंभीर मुद्दों को लटकाने का काम किया है।
पहली चुनी गयी सरकार के तौर पर प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया, और विकास पुरुष कहे जाने वाले नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी। कांग्रेस सरकार ने राज्य को पहले भू कानून देने का काम किया, और आंदोलनकारी के चिन्हीकरण से लेकर नौकरियां देने के भी अवसर प्रदान किये।
उन्होंने कहा कि राज्य में आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेजों का जाल कांग्रेस ने फैलाने का काम किया। उद्योगों को बढ़ाने के लिए देहरादून उधम सिंह नगर और हरिद्वार में सिडकुल की स्थापना की गई। जिसमें 2000 से अधिक उद्योग स्थापित हुए और प्रदेश के हजारों नौजवानों को रोजगार का अवसर मिला।
साथ ही राज्य में नियोजन और विकास को भी गति प्रदान की, इसके बाद तमाम विभागों के निदेशालय स्थापित किए गए। जिससे राज्य को विकास में गति मिली। फिर उसके बाद भाजपा की सरकार ने राज्य में विकास का पहिया रोकने का काम किया, जिन मुद्दों पर कांग्रेस सरकार ने आगे कदम बढ़ाए थे, उन सभी मुद्दों से कदम पीछे खींचने का काम भाजपा सरकार ने किया। उसके बाद 2012 में फिर से राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी और कांग्रेस सरकार ने विकास को गति देने के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर दिए।
केदारनाथ जैसी भीषण आपदा के बाद चुनौती पूर्ण परिस्थितियों में केदारनाथ घाटी के पुनर्निर्माण का बीड़ा उठाया और उसमें सफलता प्राप्त की,जिसकी सराहना पूरे देश ने की। कांग्रेस की सरकार ने मेरा वृक्ष मेरा मित्र, मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ जैसी योजनाएं लाकर प्रदेश में पर्यावरण और बुजुर्गों का सम्मान किया।
हरीश रावत सरकार में प्रदेश के खाद्यान्न को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए कई योजनाएं लाई गई, जिससे प्रदेश के किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध होने के द्वार खुले, यही नहीं सांस्कृतिक रूप से प्रदेश किस संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंचों में स्थान दिलाने का भी काम किया।
राज्य आंदोलनकारियों को पेंशन भी हरीश रावत सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रही। दूसरी तरफ प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपा ने इन 25 वर्षों में आठ मुख्यमंत्रियों को थोपने का काम किया, जिन्होंने प्रदेश को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम किया। इन साढ़े आठ सालों से लगातार प्रदेश में भाजपा की सरकार है, जिसमें लगातार पेपर लीक हो रहे हैं।
इससे यहां के युवाओं का भविष्य अंधकार में चला गया है, बेटियों को सुरक्षा नहीं मिल रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। इन 25 सालों मे भाजपा सरकार की नाकामियों और कांग्रेस पार्टी की उपलब्धियां को प्रदर्शित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित