पौड़ी , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड में चार धाम यात्रा की पवित्रता और अनुशासन बनाए रखने के लिए पौड़ी जनपद पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत कल देर रात थाना श्रीनगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर हुड़दंग मचाने वाले छह युवकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने हेतु जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीनगर थाना पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थल पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग कर रहे छह व्यक्तियों को चिन्हित कर मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत चालान कर कड़ी चेतावनी दी है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपियों की पहचान सुरेश (32), अमित (30), अशोक (32), महिपाल (28), राहुल (28) और सुनील (30) सभी निवासी सीकर, राजस्थान के रूप मे हुई है।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि चारधाम यात्रा की गरिमा बनाए रखें और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित