हवाना , अप्रैल 19 -- क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कानेल ने कहा है कि अगर अमेरिका उनके देश के खिलाफ कोई अवैध आक्रामक कदम उठाता है, तो क्यूबा अपनी रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
उन्होंने शनिवार को रूस की समाचार एजेंसी 'आरटी' से कहा कि क्यूबा ऐसा मुल्क नहीं है जो जंग चाहता है या उसे बढ़ावा देता है, लेकिन अगर अपनी जमीन की रक्षा के लिए युद्ध लड़ना पड़ा, तो वे इससे डरते भी नहीं हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जब से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से धमकियां बढ़ी हैं, तब से क्यूबा सरकार ने राष्ट्रीय रक्षा को अपनी 'शीर्ष प्राथमिकता' बना लिया है।
हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य घटनाक्रमों के संदर्भ में कहा था कि "वहां काम खत्म करने के बाद हम क्यूबा का रुख कर सकते हैं।" पिछले छह दशकों से अधिक समय से क्यूबा अमानवीय अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रहा है, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतर्राष्ट्रीय कानून के मौलिक सिद्धांतों का घोर उल्लंघन माना जाता है।
ट्रम्प प्रशासन के वेनेजुएला से होने वाली ईंधन आपूर्ति रोके जाने के बाद, संयुक्त राष्ट्र ने क्यूबा में पैदा हुए ऊर्जा संकट पर भी चिंता जताई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित