चंडीगढ़ , जनवरी 29 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने गुरुवार को बताया कि राज्य सरकार द्वारा बुज़ुर्गों के लिए शुरू किया गया फ्लैगशिप अभियान 'हमारे बुज़ुर्ग, हमारा मान' का राज्य-स्तरीय कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस अभियान के तहत 18 फरवरी 2026 तक राज्य के सभी जिलों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाये जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री कौर ने बताया कि स्टेट एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीज़न के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 7.86 करोड़ रुपये खर्च कर बुज़ुर्गों केलिए व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं, जागरूकता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के दौरान बुज़ुर्गों को निःशुल्क पूर्ण जेरियाट्रिक जांच (बुढ़ापे से संबंधित बीमारियां), ई.एन.टी. जांच, आंखों की जांच तथा आंखों के मोतियाबिंद की सर्जरी विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही सीनियर सिटीज़न कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सुविधाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवायी जाएंगी। उन्होंने बताया कि एएलआईएमसीओ द्वारा बुज़ुर्गों के लिए व्हीलचेयर, हियरिंग एड और निकट दृष्टि के चश्मे जैसे सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए जाएंगे, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम से संबंधित कानूनी जागरूकता भी प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित