पटना , अप्रैल 07 -- बिहार ग्रामीण कार्य विभाग का 'हमारा बिहार हमारी सड़क' एंड्रॉयड ऐप ग्रामीण सड़क प्रबंधन प्रणाली में एक अभिनव पहल है, जो नागरिकों को सशक्त बनाते हुए ग्रामीण सड़कों के रखरखाव में उनकी प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है।
राज्य के सभी प्रखंडों के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण सड़कों को इस ऐप के दायरे में शामिल किया गया है। इस ऐप के लॉन्च होने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संबंधी समस्याओं के समाधान के लिये आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। यह ऐप निःशुल्क उपलब्ध है, जिसे कोई भी व्यक्ति गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता है।
इस ऐप के माध्यम से घर बैठे शिकायत दर्ज करने के लिए प्ले स्टोर पर जाकर बस हमारा बिहार हमारी सड़क सर्च करना है और उसे डाउनलोड करना है। आम लोगों के बीच इस ऐप की लोकप्रियता और विश्वसनीयता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्ले स्टोर से अब तक 10 हजार से अधिक लोगों ने इसे डाउनलोड किया है और लगभग हजारों लोग इसका लाभ ले चुके हैं।इसकी कार्यप्रणाली को अत्यंत सरल एवं उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है। यदि गांव में किसी स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त हो, गड्ढे बने हों या जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो, तो नागरिक संबंधित स्थल की तस्वीर लेकर संक्षिप्त विवरण सहित ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। शिकायत दर्ज होते ही यह सीधे संबंधित पदाधिकारी के डैशबोर्ड पर पहुंच जाती है, जिससे समस्या के त्वरित समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाती है।
इस डिजिटल प्रणाली की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता इसकी पारदर्शिता एवं जवाबदेही आधारित तंत्र है। प्रत्येक शिकायत के लिए एक निर्धारित समय-सीमा तय की गई है, जिसके भीतर संबंधित अभियंताओं द्वारा अनिवार्य रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
ग्रामीण कार्य विभाग का यह नवाचार सुशासन के संकल्प को और अधिक प्रभावी रूप से धरातल पर उतार रहा है। 'हमारा बिहार हमारी सड़क' ऐप के माध्यम से अब राज्य की ग्रामीण सड़कें न केवल बेहतर बन रही हैं, बल्कि उनका दीर्घकालिक संरक्षण भी सुनिश्चित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित