पचमढ़ी , नवम्बर 9 -- पचमढ़ी में जारी मध्यप्रदेश कांग्रेस के "संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर" के आठवें दिन का आरंभ प्रातः झंडा बंधन एवं सामूहिक व्यायाम के साथ हुआ। जिसमें जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया।

प्रथम सत्र में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य श्री दिग्विजय सिंह ने "वर्तमान राजनीतिक चुनौतियां, सांप्रदायिक संगठन और कांग्रेस मिशन 2028" विषय पर प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए वैचारिक स्पष्टता और जनसंवाद आवश्यक है।

इसके बाद वॉर रूम प्रभारी श्री शशिकांत सेंथिल ने पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने आंदोलनात्मक और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से जनता के बीच संगठन की सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने पर बल दिया।

अगले सत्र में राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष श्री अशोक सिंह ने संगठन विस्तार और जन सहयोग के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन तभी सशक्त बनेगा जब हर कार्यकर्ता जनता की समस्याओं से सीधे जुड़कर उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

आज के सत्र में प्रशिक्षण के राष्ट्रीय प्रभारी सचिन राव, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त, सह प्रभारी रणविजय सिंह लोचन, मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी, प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, मतदाता सूची सह प्रभारी इरफान खान और प्रोमिल मित्रा उपस्थित रहे। दिन का समापन सामूहिक चर्चा एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारण के साथ किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित