उदयपुर , अक्टूबर 06 -- राजस्थान में 'संगठन सृजन अभियान' के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक यशोमती ठाकुर ने सोमवार को कहा कि अभियान का मकसद अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है जिससे कि संगठन में काम करने वाले हर व्यक्ति को ताकत मिल सके और संगठन के साथ ही देश भी मजबूत हो सके।
महाराष्ट्र सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती ठाकुर ने यहां पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस पार्टी में वर्ष 2025 को 'संगठन सृजन वर्ष' के रूप में घोषित किया है। इसी क्रम में 'संगठन सृजन अभियान' चलाया जा रहा है जो अभी तक देश के चार राज्यों गुजरात, मध्यप्रदेश, झारखंड, हरियाणा, में हो चुका है। उन्होंने कहा कि दिसंबर तक राजस्थान में भी 'संगठन सृजन अभियान' पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 'संगठन सृजन अभियान' से संगठन तो मजबूत होगा ही साथ में देश भी मजबूत होगा।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि अभियान का मकसद संगठन और देश में सर्वधर्म भावना को बढ़ाना है। संगठन मजबूत हो और सर्वधर्म भावना बढ़े जिससे कि देश भी सुरक्षित रहे।
इस अवसर प्रदेश कांग्रेस समिति द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक पूर्व विधायक चेतन डूडी, अभिषेक चौधरी, गोविंद डांगा, उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड, सांसद प्रत्याशी रहे ताराचंद मीणा, पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष हीरा लाल दरांगी, पूर्व मंत्री डॉ मांगी लाल गरासिया भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित