कोण्डागांव , जनवरी 05 -- छत्तीसगढ़ नगर प्रशासन की महत्वाकांक्षी योजना मिशन अमृत के अंतर्गत चलाए जा रहे 'वूमन फॉर ट्री' अभियान के तहत जिला कार्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
पौधरोपण कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक लता उसेण्डी, कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण आवश्यक है और इसमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, सोनामणि पोयाम, लक्ष्मी ध्रुव, सुषमा खोब्रागडे़ सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अतिथियों ने 'वूमन फॉर ट्री' अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे केवल पौधे लगाकर ही न रुकें, बल्कि उनके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। पौधरोपण जैसे छोटे कदम भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। अंत में सभी उपस्थित जनों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं महिला जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित