चंडीगढ़ , नवंबर 07 -- राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ हरियाणा में देशभक्ति के जोश के साथ मनायी गयी। हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी मुख्य अतिथि रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और भारत माता को पुष्प अर्पित कर की गयी। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम' का गायन किया।

श्री रस्तोगी ने कहा कि यह गीत केवल शब्द नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रीय चरित्र की आत्मा है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम को नयी दिशा दी। उन्होंने कहा कि 1857 के संग्राम के बाद 'वंदे मातरम' ने देश में एकता और स्वाभिमान की भावना जगायी।

कार्यक्रम में बंकिमचंद्र चटर्जी को समर्पित प्रदर्शनी लगायी गयी, जिसमें उनके जीवन से जुड़ी झलकियां प्रदर्शित की गयीं। मुख्य सचिव ने बच्चों के साथ मिलकर राष्ट्र गीत का सामूहिक गायन भी किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी और सचिवालय कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग ने मुख्य सचिव का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चित्र भेंट किया।

पूरे समारोह में देशभक्ति की गूंज और 'वंदे मातरम' के जयघोष से वातावरण ओतप्रोत रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित