बीकानेर , अक्टूबर 04 -- राजस्थान में कांग्रेस के कद्दावर नेता और विधानसभा में पूर्व विपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी का शनिवार की शाम को अंतिम संस्कार किया गया।

श्री डूडी का शुक्रवार देर रात निधन हो गया था। वह 62 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार उनके फार्म हाउस में किया गया। उनके पुत्र अतुल डूडी ने उनको मुखाग्नि दी। उनके निधन पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित राज्य के कई नेताओं ने शोक जताया है।

इससे पहले श्री डूडी के निवास पर उनका शव अंतिम दर्शनार्थ रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनको श्रद्धाजंलि अर्पित की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने उनकी अंतिम यात्रा में कंधा भी दिया।

श्री डूडी की अंतिम यात्रा बीकानेर स्थित उनके आवास वैद्य मघाराम कॉलोनी से रवाना हुई। उनकी शवयात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, मंत्री सुमित गोदारा, किसान आयोग के अध्यक्ष सी आर चौधरी, केन्द्रीय मंत्री के पुत्र रविशेखर मेघवाल, जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल, सांसद हनुमान बेनीवाल, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर, कांग्रेसी नेता हेमाराम चौधरी, हरीश चौधरी, पूर्व सांसद बद्री जाखड़, पूर्व मंत्री डॉ बी डी कल्ला, गोविन्दराम मेघवाल, भंवर सिंह भाटी, लक्ष्मण कड़वासरा, महेन्द्र गहलोत, पूर्व विधायक बिहारी लाल विश्नोई, विधायक विकास चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य नेता शामिल हुये।

उनके आवास से निकली अंतिम यात्रा में भारी हुजूम उमड़ पड़ा। 'रामेश्वर डूडी अमर रहे' के नारों के बीच उनकी शवयात्रा फार्म हाउस पहुंची।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित