लखनऊ , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश की पहली 'यूपी प्रो हैंडबॉल लीग' का आयोजन नौ से 14 अप्रैल तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया जाएगा।

लीग में कुल 6 टीमें काशी किंग्स, मथुरा ब्रज स्टार, नोएडा ब्लास्टर्स, गाजियाबाद पैंथर्स, बर्बरीक वारियर्स और गोरखपुर राउडीज़ खिताब के लिए भिड़ेंगी। प्रतियोगिता में कुल 15 लीग मुकाबले खेले जाएंगे और हर दिन तीन मैच होंगे। फाइनल मुकाबला 14 अप्रैल को आयोजित होगा।

लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य हैंडबॉल को पेशेवर मंच प्रदान करना और इसे लोकप्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि लखनऊ इस समय खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। संस्थापक अमित पाण्डेय के अनुसार, मैच 20-20 मिनट के तेज फॉर्मेट में खेले जाएंगे, जिससे खेल में गति और रोमांच दोनों बढ़ेगा।

प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण दूरदर्शन समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उपविजेता को 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित