चंडीगढ़ , फरवरी 25 -- हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि प्रदेश की सड़कों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है।
इसी कड़ी में चार अक्टूबर, 2025 को म्हारी सड़क ऐप लॉन्च की गयी, जिसके माध्यम से सड़क संबंधी शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और तेजी आयी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में पांच हजार किलोमीटर सड़कों को 'वर्क प्रोग्राम' में शामिल किया जाएगा, जिससे सड़क अवसंरचना को और मजबूत किया जा सके। विधानसभा में बुधवार को एक प्रश्न के उत्तर में श्री गंगवा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने सेवा का अधिकार अधिनियम 2014 के तहत छोटे गड्ढों की मरम्मत के लिए समय-सीमा निर्धारित की है। कनिष्ठ अभियंता को 10 दिन के भीतर मरम्मत सुनिश्चित करनी होती है।
तय समय में समाधान न होने पर मामला स्वत: उपमंडल अधिकारी और अधिशाषी अभियंता के पास पहुंच जाता है। बारह दिनों के भीतर शिकायत का समाधान कर उसे ऐप पर अपलोड करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि अब तक ऐप पर 37,368 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 19,523 का समाधान किया जा चुका है जबकि 2,285 शिकायतें विभागीय अधिकार क्षेत्र से बाहर होने के कारण अस्वीकृत की गयीं।
लापरवाही बरतने वाले 19 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गयी है। मंत्री ने कहा कि सरकार जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ बेहतर सड़क सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित