नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दिल्ली में हुए उनके एक शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगा है, जिसके चलते उन्हें ऑनलाइन तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

वायरल क्लिप में हनी सिंह के बयान को अश्लील बताया गया है, जिस पर कई यूजर्स ने नाराज़गी जताई है। इसके कुछ ही घंटों बाद हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक माफ़ी वाला वीडियो साझा कर अपना पक्ष रखा। हनी सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो को संदर्भ से काटकर एडिट किया गया है, हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उससे कई लोगों को असहजता हुई।

उन्होंने कहा, " सुबह से इंस्टाग्राम पर मेरा एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे इस तरह एडिट किया गया कि कई लोग आहत हो गए। मैं पूरी बात स्पष्ट करना चाहता हूं।"अपनी सफ़ाई में उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। हनी सिंह के अनुसार, कार्यक्रम से पहले उनकी मुलाकात कुछ प्रमुख स्त्री रोग विशेषज्ञों और सेक्सोलॉजिस्ट्स से हुई थी, जिन्होंने युवाओं में असुरक्षित यौन संबंधों के कारण बढ़ती यौन संचारित बीमारियों (एसटीडी) को लेकर चिंता जताई थी। यह बातचीत उनके मन में रह गई।

उन्होंने बताया कि ननकू और करुण के शो में बतौर अतिथि मौजूद रहते हुए, बड़ी संख्या में जेन ज़ी दर्शकों को देखकर उन्होंने सुरक्षित संबंधों का संदेश उसी भाषा में देने की कोशिश की, जैसी भाषा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर प्रचलित है। हालांकि, उन्होंने माना कि अभिव्यक्ति का तरीका अनुचित था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित