नयी दिल्ली , मई 03 -- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने भारत के निजी अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सीआई के 'मिशन दृष्टि' के सफल प्रक्षेपण पर रविवार को बधाई देते हुए इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया।
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने कहा कि मिशन दृष्टि का सफल प्रक्षेपण भारत में निजी अंतरिक्ष नवाचार की बढ़ती ताकत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हर मौसम और चौबीसों घंटे पृथ्वी अवलोकन की उन्नत क्षमता से युक्त यह उपग्रह भारत के वाणिज्यिक अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि गैलेक्सीआई का मिशन दृष्टि भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि दुनिया के पहले ऑप्टोसार उपग्रह तथा भारत में निजी क्षेत्र द्वारा निर्मित सबसे बड़े उपग्रह का सफल प्रक्षेपण नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं के समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने संस्थापकों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अंतरिक्ष विभाग के राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के कारण ही इस प्रकार की उपलब्धियां संभव हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पहले प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निजी क्षेत्र के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र खोले जाने के फैसले के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि मिशन दृष्टि भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और यह देश के युवा नवोन्मेषकों की क्षमता को दर्शाता है।
'मिशन दृष्टि' दुनिया का पहला ऑप्टोसार उपग्रह है। लगभग 190 किलोग्राम वजनी यह उपग्रह इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (ईओ) सेंसर और सिंथेटिक अपर्चर रडार (एसएआर) तकनीक को एकीकृत करता है, जिससे यह दिन-रात और हर मौसम में उच्च-रिजॉल्यूशन इमेजिंग करने में सक्षम है।
इस उन्नत क्षमता के कारण उपग्रह रक्षा, कृषि, आपदा प्रबंधन, शहरी नियोजन और बुनियादी ढांचा निगरानी जैसे क्षेत्रों के लिए व्यापक और सटीक डेटा उपलब्ध करा सकेगा। विशेषज्ञों के अनुसार ऑप्टिकल और रडार तकनीकों के संयोजन से यह उपग्रह बादलों, अंधेरे और प्रतिकूल मौसम में भी पृथ्वी की सतह की निगरानी कर सकता है, जो पारंपरिक इमेजिंग प्रणालियों की तुलना में बड़ी तकनीकी बढ़त मानी जा रही है।
भारत में निजी क्षेत्र द्वारा निर्मित सबसे बड़े उपग्रह के रूप में मिशन दृष्टि को देश के उभरते स्पेस-टेक इकोसिस्टम के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित