नयी दिल्ली , दिसंबर 05 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आईएनए स्थित 'दिल्ली हाट' में 1 से 15 दिसंबर तक भारत की समृद्ध हस्तशिल्प परंपराओं को बढ़ावा देने और देशभर के उत्कृष्ट शिल्पियों को एक ही मंच पर लाने के उद्देश्य से 'मास्टर क्रिएशन 2' का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने प्रदर्शनी का दौरा कर शिल्पियों की प्रशंसा की।

वस्त्र मंत्रालय के हस्तशिल्प आयुक्त कार्यालय द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में पद्मश्री सम्मानित शिल्पियों, शिल्प गुरु, संत कबीर पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं एवं राष्ट्रीय मेरिट सम्मानित शिल्पियों की श्रेष्ठ कृतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस आयोजन से पारंपरिक कला को संरक्षण देने के साथ शिल्पियों को व्यापक बाजार और खरीदारों से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

श्रीमति राव ने प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों से आए कारीगरों और बुनकरों से बातचीत की और उनके कार्य, चुनौतियों और जरूरतों को समझा। उन्होंने शिल्पियों को उद्यमिता कौशल विकसित करने, डिजिटलीकरण अपनाने और नए बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से महिला शिल्पकारों की पहल की सराहना की, जिन्होंने आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित