अहमदाबाद , फरवरी 22 -- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्रभाई मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम का संवाद हमेशा प्रेरणादायी होता है।

श्री नितिन नवीन ने बूथ कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री मोदी की भूमि पर, जहाँ भाजपा की नींव रखी गई, ऐसे हेरिटेज क्षेत्र खाड़िया में उपस्थित रहकर बूथ कार्यकर्ताओं के साथ 'मन की बात' कार्यक्रम देखने का अनुभव यादगार और अविस्मरणीय है।

उन्होंने 'मन की बात' कार्यक्रम के समापन के बाद यहां की देसाई की पोल में उपस्थित निवासियों और कार्यकर्ताओं के परिजनों से बड़े उत्साह के साथ मुलाकात की और नागरिकों के अभिवादन को स्वीकार किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वहां उपस्थित एक सफाई कामगार भाई को अपना खेस पहनाकर उनके सेवा कार्य की सराहना की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने इस पोल के घरों के दरवाजों पर उनका स्वागत करने के लिए खड़े बुजुर्गों को नमन कर उनके आशीर्वाद लिए। उपस्थित जनमेदनी ने नितिन नवीन के इस विनम्र और सरल व्यवहार का गगनभेदी जयघोष के साथ स्वागत किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीशभाई विश्वकर्मा ने कहा कि; बूथ अध्यक्ष, वार्ड़ अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष एक साथ बैठकर इस प्रकार कार्यक्रम देखें, यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है। आज हेरिटेज सिटी अहमदाबाद की ऐतिहासिक पोल संस्कृति के सानिध्य में बूथ कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्रभाई मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम देखने का अनुभव आनंददायी और कार्यकर्ताओं से संवाद करने का एक सुनहरा अवसर रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित