लॉस एंजिल्स , मार्च 21 -- मशहूर अमेरिकी टीवी सीरीज 'बफी द वैम्पायर स्लेयर' में 'जैंडर हैरिस' की भूमिका निभाकर दुनिया भर में लोकप्रियता बटोरने वाले अभिनेता निकोलस ब्रेंडन (54) का कई गंभीर बीमारियों के कारण निधन हो गया है।

उनके परिवार ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की।

परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया, "हमें अपने भाई और बेटे निकोलस ब्रेंडन के निधन की खबर साझा करते हुए गहरा दुख हो रहा है। उन्होंने नींद में प्राकृतिक कारणों से अंतिम सांस ली।" परिवार ने प्रशंसकों से इस कठिन समय में निजता बनाए रखने की अपील की है।

निकोलस पिछले कुछ वर्षों से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। साल 2022 में उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और बाद में उनमें जन्मजात हृदय दोष का पता चला था। वह रीढ़ की हड्डी की समस्या 'कौडा इक्विना सिंड्रोम' नामक एक दुर्लभ स्थिति से भी पीड़ित थे, जिसके कारण उनकी कई सर्जरी हुई थीं।

परिवार ने स्पष्ट किया कि हालांकि निकोलस का अतीत संघर्षों भरा रहा, लेकिन हाल के दिनों में वह अपने इलाज को लेकर काफी सकारात्मक थे और भविष्य के प्रति आशावान थे।

सन 1971 में लॉस एंजिल्स में जन्मे निकोलस ने हकलाने की समस्या को दूर करने के लिए अभिनय का रास्ता चुना था। 1997 से 2003 तक 'बफी' के सातों सीजन में उनके किरदार 'जैंडर' को प्रशंसकों ने खूब पसंद किया। इसके अलावा उन्होंने 'क्रिमिनल माइंड्स' और 'साइको बीच पार्टी' जैसी फिल्मों और शो में भी काम किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित