जयपुर , अप्रैल 23 -- उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के प्रस्तावित जयपुर दौरेके दौरान न्यायिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 'न्याय सेतु' सम्मेलन के अवसर पर राजस्थान उच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीश एकत्र होंगे और न्याय व्यवस्था को अधिक सुलभ, प्रभावी तथा तकनीक-सक्षम बनाने पर मंथन करेंगे।
यह सम्मेलन न्यायिक सुधार, न्याय तक आमजन की पहुंच और डिजिटल न्याय प्रणाली जैसे विषयों पर केंद्रित रहेगा। हाल के समय में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत लगातार इस बात पर जोर देते रहे हैं कि न्याय व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से अधिक सुलभ बनाया जाये, ताकि लोगों को न्याय पाने के लिए दूरी या संसाधनों की बाधा का सामना न करना पड़े।
सम्मेलन में राजस्थान उच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीशों की उपस्थिति प्रस्तावित है, जिससे यह आयोजनराज्य की न्यायिक व्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है। ऐसे सम्मेलनों के माध्यम से न्यायपालिका में समन्वय, प्रशासनिक सुधार और नयी नीतियों पर विचार-विमर्श को गति मिलती है।
इससे पहले भी विभिन्न राज्यों में आयोजित न्यायिक सम्मेलनों में न्यायिक प्रक्रियाओं के आधुनिकीकरण, डिजिटलाइजेशन और पारदर्शिता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होती रही है, जिनका उद्देश्य न्याय प्रणाली को अधिक तेज, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाना है।
मुख्य न्यायाधीश का यह दौरा न केवल न्यायिक संवाद को नयी दिशा देगा, बल्कि 'न्याय सेतु' जैसे मंच के माध्यम से न्यायपालिका और आमजन के बीच सेतु मजबूत करने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित