कानपुर , अप्रैल 22 -- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला मंत्री मीनाक्षी गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को महिला आरक्षण बिल 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के पारित न होने के विरोध में यहां प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विपक्षी नेताओं राहुल गांधी और अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा, कौशलेंद्र, पवन गुप्ता, अंकित और सुनील साहू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शिवांग मिश्रा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए यह विधेयक अत्यंत आवश्यक है, लेकिन विपक्ष के विरोध के कारण इसे पारित नहीं किया जा सका, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भागीदारी करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। जिला उपाध्यक्ष सीमा, रीता पासवान, सविता, मानसी, श्रुति और आकांक्षा समेत अन्य महिलाओं ने महिला आरक्षण के समर्थन में आवाज उठाई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्षी दलों के "चाल, चरित्र और चेहरा" को उजागर करती रहेगी और महिलाओं के अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित