मुंबई , मार्च 22 -- अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर : द रिवेंज' को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिख समुदाय के सदस्यों ने फिल्म के कुछ दृश्यों पर कड़ी आपत्ति जतायी है और रविवार को यहां औपचारिक शिकायत दर्ज करायी है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि फिल्म के कुछ हिस्से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले हैं और स्थापित सिख सिद्धांतों का उल्लंघन करते हैं।

विवरण के अनुसार, रणवीर सिंह फिल्म में एक सिख पात्र की भूमिका में हैं। एक दृश्य या प्रचार पोस्टर में उन्हें पगड़ी पहने हुए धूम्रपान करते दिखाया गया है। चूंकि सिख धर्म में तंबाकू सेवन सख्त वर्जित है, इसलिए इसे धार्मिक मूल्यों के विरुद्ध बताया गया है। इस आधार पर फिल्म के निर्माताओं, अभिनेता और अन्य संबंधित व्यक्तियों को पहले ही कानूनी नोटिस भेजे जा चुके हैं।

अब महानगर के मुलुंड पुलिस स्टेशन में फिल्म निर्माता और अभिनेता आर माधवन के खिलाफ भी लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है, जिसमें उन पर सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि फिल्म का एक दृश्य सिखों का अपमान करता है और गुरु गोविंद सिंह जी के प्रति अनादर प्रदर्शित करता है। इसे धार्मिक विश्वासों पर सीधा प्रहार बताया गया है।

शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता और 'सिख इन महाराष्ट्र' संगठन के अध्यक्ष गुरजीत सिंह खेर ने इस विवादास्पद चित्रण पर कड़ी आपत्ति जतायी है। उन्होंने कहा कि सिख पहचान या गुरु गोविंद सिंह जी के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि फिल्म में दिखाया गया दृश्य सिख परंपराओं के खिलाफ है।

शिकायत में प्रोडक्शन हाउस से विवादित दृश्यों के साथ-साथ पोस्टर और ट्रेलर सहित संबंधित प्रचार सामग्री को तुरंत हटाने की मांग की गयी है। इसमें सिख समुदाय की भावनाओं के सम्मान में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का भी आह्वान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित